Dumka News : दुमका जिले के जरमुंडी प्रखंड अंतर्गत नोनीहाट गांव की सड़क सोमवार को साहित्य के रंग में सराबोर नजर आई। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित युवा साहित्यकार एवं कवि नीलोत्पल मृणाल ने अपनी जन्मभूमि नोनीहाट में अपने पांचवें उपन्यास ‘दुल्हिन सावधान’ का विमोचन किया।

पुस्तक विमोचन का आयोजन किसी सभागार में नहीं, बल्कि नोनीहाट बस स्टैंड की सड़क पर खुले आसमान के नीचे किया गया।

‘खुले साहित्य उत्सव’ के नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, साहित्यकारों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने शिरकत की। कार्यक्रम में जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, दुमका डीडीसी अनिकेत सचान और प्रशिक्षु आईएएस अनिमेष सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थेे।
साहित्य को सभागारों से निकालकर आम लोगों के बीच पहुंचाने की इस पहल की लोगों ने सराहना की।
मौके पर नीलोत्पल मृणाल ने कहा कि अपनी जन्मभूमि की मिट्टी से उनका विशेष लगाव है। अपने पांचवें उपन्यास का विमोचन गांव में कराना उनके लिए बेहद खास है। वे चाहते हैं कि गांव के लोग भी हिंदी साहित्य को समझें और साहित्य से जुड़ें।
वहीं विधायक लुईस मरांडी, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख और डीडीसी अनिकेत सचान ने नीलोत्पल मृणाल की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के बाद भी अपनी जन्मभूमि से जुड़ाव बनाए रखना प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि अपनी मिट्टी की सड़क पर साहित्य का मंच सजाकर नीलोत्पल ने नोनीहाट को एक अलग पहचान दी है।
उल्लेखनीय है कि नीलोत्पल मृणाल दिल्ली के मुखर्जी नगर में यूपीएससी की तैयारी करने पहुंचे थे। इसी दौरान हिंदी साहित्य के प्रति उनके प्रयासों ने उन्हें पहचान दिलाई।
कार्यक्रम में देश के कई वरिष्ठ अधिकारी, बॉलीवुड और टेलीविजन जगत के कलाकार भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।



