Saraikela : झारखंड में जंगली हाथियों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा घटना में सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र के गुंडा गांव के डीटांड टोला में सोमवार रात 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हो गई। करीब 40 वर्ष का यह हाथी भोजन की तलाश में गांव पहुंचा था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार रात करीब नौ बजे हाथी धान खाने के लिए खेत की ओर गया था। इसी दौरान खेत की मेड़ पार करते समय वह नीचे लटक रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए।

वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि खेतों और गांवों के आसपास नीचे लटक रहे तारों की समय पर मरम्मत होनी चाहिए। बिजली के तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर रखने की व्यवस्था नहीं होने से वन्यजीवों के साथ-साथ लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
राज्य के अलग-अलग जिलों में सितंबर से अब तक हाथियों की मौत की आठ घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 12 नवंबर को खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र के तेतारी गांव में 11 हजार वोल्ट के नीचे लटकते तार की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हुई थी। नवंबर के पहले हफ्ते में पश्चिमी सिंहभूम के झींकपानी क्षेत्र में टूटे बिजली तार के संपर्क में आने से एक हाथी की जान गई थी।
इससे पहले बड़ाजामदा क्षेत्र के टंकुरा में भी एक मादा हाथी मृत मिली थी। ग्रामीणों ने करंट लगने से मौत की आशंका जताई थी। अक्टूबर में पश्चिमी सिंहभूम के बड़ा बलजोड़ी गांव में एक हाथी की खुले सिंचाई के कुएं में गिरने से मौत हो गई थी। लातेहार के बालूमाथ क्षेत्र में हाथी का शव मिलने पर वन विभाग ने शुरुआती जांच में आपसी संघर्ष की आशंका जताई थी। जगन्नाथपुर क्षेत्र में एक मादा हाथी के दांत गायब मिलने से अवैध शिकार की आशंका भी सामने आई थी।
इससे पहले अक्टूबर में लातेहार के कोमर गांव में भी बिजली तार की चपेट में आने से हाथी की मौत हुई थी। ग्रामीणों ने दलमा वन्यजीव अभयारण्य से हाथियों के झुंड के ईचागढ़ क्षेत्र में आने और उनके संरक्षण के इंतजामों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वन्यजीवों के संरक्षण पर खर्च के बावजूद हाथियों की लगातार हो रही मौतें चिंता का विषय हैं। बिजली के नीचे लटकते और टूटे तारों के अलावा खेतों में फसलों की सुरक्षा के लिए लगाए जाने वाले अवैध बिजली के तार भी हाथियों के लिए खतरा बन रहे हैं। (IANS)



