Deoghar: देवघर जिले में बढ़ते नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने को लेकर देवघर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक देवघर के निर्देश पर अवैध नशा कारोबारियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

जानकारी के अनुसार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी देवघर के नेतृत्व में पूर्व से गठित टीम को 25 मई 2026 की रात करीब 10 बजे गुप्त सूचना मिली कि गांधी नगर, बरमसिया निवासी बंटी महथा अपने बरमसिया स्थित घर में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।
तलाशी में ब्राउन शुगर और नकद राशि बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बंटी महथा की तलाशी ली। तलाशी में उसके पॉकेट से कुल 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया गया। इसके अलावा ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से प्राप्त 1 लाख 45 हजार रुपये नगद भी बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंटी महथा निवासी गांधी नगर, बरमसिया थाना नगर जिला देवघर के रूप में हुई है।
दो सहयोगियों की भी हुई पहचान
पुलिस के अनुसार इस अवैध कारोबार में दो अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई है। इनमें राहुल महथा उर्फ राहुल चौधरी निवासी बरमसिया दुर्गा मंदिर के समीप तथा विशाल महथा उर्फ डीजे निवासी कुमोदनी घोष रोड, बरगाछ गली शामिल हैं। दोनों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
आरोपी पर दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बंटी महथा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ नगर थाना में मारपीट, चोरी, हत्या के प्रयास, दहेज प्रताड़ना, लूट, एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2016 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ नगर थाना में एक दर्जन से अधिक कांड दर्ज है।
छापेमारी दल में थे शामिल
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुलदीप कुमार, नगर थाना के प्रभारी थाना प्रभारी मुकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, चंद्रशेखर रजक, सूरज कुमार, सुमंत प्रसाद समेत नगर थाना रिजर्व गार्ड एवं तकनीकी शाखा के कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।



