
Deoghar: देवघर एयरपोर्ट टर्मिनल (Deoghar Airport Terminal) के बाहर गार्डन में 100 फीट की ऊंचाई में तिरंगा लहरायेगा। इसके लिए स्ट्रक्चर तैयार कर लिया गया है। देवघर एयरपोर्ट में इंटरनेशनल एयरपोर्ट (International Airport) की तर्ज पर काम हो रहा है। देवघर एयरपोर्ट के उद्घाटन पर तिरंगा को फहराने की तैयारी है।
कोलकाता से आ रहे हैं फूल

एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों के साथ-साथ पर्यटक गार्डन का भी लुत्फ उठायेंगे। साथ ही 100 फीट ऊंचे आसमान में लहराते तिरंगे को देख पायेंगे। पिछले दिनों हुई तेज बारिश से एयरपोर्ट के गार्डन में फूल व पौधों को काफी नुकसान हुआ था। फिर से गार्डन को तैयार किया जा रहा है. अगले 15 दिनों में गार्डन को भी पूरी तरह संवार लिया जायेगा। कोलकाता से सुंदर फूल- पौधे व घास मंगवाये जा रहे हैं। पार्किंग एरिया में कैफेटेरिया भी तैयार हो चुका है।
अंतिम चरण में सड़क का काम

पिछले दिनों तैयार एप्रोच रोड को एयरपोर्ट के पार्किंग एरिया व टर्मिनल से जोड़ने के लिए तेजी से काम चल रहा है। सड़क पर 80 फीसदी जीएसबी का काम हो चुका है। अब केवल कालीकरण किया जा रहा है। गौरतलब है कि नवंबर के अंतिम सप्ताह तक देवघर एयरपोर्ट के सभी कार्य को अंतिम रूप देने की तैयारी है।


