Deoghar: झारखंड के देवघर स्थित प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में महाशिवरात्रि पर निकलने वाले शिव बरात को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। इस वर्ष शिव बारात का आयोजन पर्यटन विभाग करेगा। राज्य सरकार द्वारा यह निर्णय दो समितियों के बीच बारात निकालने को लेकर चल रहे विवाद को समाप्त करने के लिए लिया गया है।

देवघर डीसी विशाल सागर ने बताया कि शिव बारात देवघर का एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है। जिसमें दूर दूर से श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस वर्ष शिवबारात का आयोजन पर्यटन विभाग द्वारा किया जाएगा। जिसको भव्य बनाने के लिए समाजसेवी संस्थाओं सहित अन्य संगठनों का सहयोग भी लिया जाएगा। प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम करेगा।

इस निर्णय से न केवल बारात की भव्यता बढ़ेगी, बल्कि अधिक संख्या में पर्यटकों के आने की भी उम्मीद है। जिला प्रशासन शिव बारात की तैयारी में जुट गई है।
बता दें कि पिछले 31 वर्षों से शिवरात्रि महोत्सव समिति के अध्यक्ष राज नारायण खवाड़े की अध्यक्षता में शिव बारात निकाली जाती थी। हालांकि, पिछले दो वर्षों से शिव बारात का आयोजन गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के नेतृत्व में हो रहा था।



