
Deoghar: देवघर जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के तिलबरिया गांव निवासी चौकीदार जनार्दन दास की घर से थाना आने के दौरान रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गयी। घटना से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।

मृतक के पुत्र इन्द्रदेव दास ने बताया कि रविवार सुबह लगभग 10 बजे वे अपने पिता जनार्दन दास के साथ सोनारायठाढ़ी थाना जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनके पिता को तेज पसीना आने लगा और उन्होंने कहा कि उन्हें ठीक महसूस नहीं हो रहा है। स्थिति बिगड़ती देख इन्द्रदेव दास ने तुरंत एम्बुलेंस को फोन किया, लेकिन एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले ही जनार्दन दास ने दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी उन्होंने तुरंत अपने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले जाया गया। चौकीदार जनार्दन दास के निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


