
Deoghar: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नया चितकाठ गांव निवासी 38 वर्षीय शिव शंकर मंडल की जहरीला सांप के डंसने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। बताया जाता है कि मृतक रंग-पेंट का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात खाना खाने के बाद शिव शंकर मंडल घर की छत पर सोने चला गया था। देर रात अचानक उसकी नींद खुली तो उसने अपने बगल में एक करैत सांप देखा। बताया जाता है कि उसने साहस दिखाते हुए सांप को मार दिया और उसे नीचे घरवालों को दिखाने के लिए लेकर उतर आया। इसी दौरान उसकी मां की नजर उसके हाथ से निकल रहे खून पर पड़ी। पूछताछ करने पर पता चला कि सांप ने उसे डंस लिया है।

घटना के बाद परिजन पहले उसे गांव में झाड़-फूंक के लिए लेकर गए, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती चली गई। स्थिति गंभीर होने पर आनन-फानन में उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के क्रम में रविवार अहले सुबह उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



