
Deoghar: छत्तीसगढ़ के सरगुजा साइबर थाना पुलिस ने देवघर में बड़ी कार्रवाई करते हुए ई-सिम के जरिए साइबर ठगी करने वाले गिरोह के छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से लगभग 50 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

बताया गया है कि यह गिरोह करीब 2000 फिजिकल सिम को एक्सेस कर ई-सिम तैयार कर लोगों के साथ साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। मामले में गिरोह के मास्टरमाइंड की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार साइबर थाना सरगुजा रेंज, छत्तीसगढ़ में अपराध कांड संख्या 184/2025 में देवघर से गिरफ्तार आरोपितों में संतोष कुमार दास साकिन बरदही, राजकुमार मंडल साकिन नचनिया, नित्यानंद दास साकिन खरावजोरी, पप्पू मेहरा साकिन बरदही, प्रयाग दास साकिन दासाडीह थाना सारवां तथा आर्यन दास ग्राम गिद्धैया के नाम शामिल हैं। सभी आरोपी देवघर जिले के विभिन्न गांवों के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय, देवघर के न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। इससे पूर्व सभी आरोपितों की चिकित्सीय जांच कराने के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है। साइबर थाना सरगुजा की टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि गिरोह तकनीकी तरीके से फिजिकल सिम को ई-सिम में परिवर्तित कर ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सरगना की तलाश कर रही है।
पुलिस का मानना है कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



