
Deoghar: देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के आदेश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस उपाधीक्षक राजा कुमार मित्रा के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया।

दोनों पर ऑनलाइन ठगी करने का आरोप है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि देवघर जिले में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक तथा गूगल पर फोनपे कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं।

इसके अलावा पीएम किसान योजना एवं लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों को झांसे में लेकर ऑनलाइन ठगी की जा रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहन दास साकिन बरगुनिया थाना देवीपुर और सूरज कुमार यादव साकिन दनरबाद थाना चितरा के नाम शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 03 मोबाइल फोन, 04 सिम कार्ड तथा एक प्रतिबिंब सिम जब्त किया है। देवघर पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी अनजान कॉल पर बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है।


