
Deoghar: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के सोनवा डंगाल में शनिवार को 65 वर्षीय वृद्ध की बेरहमी से हत्या कर शव फेंक दिए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रिखिया थाना क्षेत्र के बिहरोजी गांव निवासी रामकी महतो (65) के रूप में बताई गई है।

शव के माथे पर गहरी चोट तथा हाइड्रोसील में जख्म का निशान पाया गया है। घटना स्थल के बगल की झाड़ी से साइकिल और चप्पल बरामद की गई है। वहीं, थोड़ी दूर से मृतक का मोबाइल और चार्जर मिला है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रभात कुमार, एसआई शकील अहमद, अजय कुमार सिंह, मुखिया अनिल कुमार साह, पंसस पप्पू राव सहित बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे।
मृतक के बेटे डमरू यादव ने बताया कि उनके पिता रोज देवघर में पेड़ा दुकान में काम करने जाते थे और रात करीब 10 बजे घर लौटते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन हड़पने के ख्याल से उनके गोतिया लगातार परेशान करते रहते थे। करीब एक माह पहले भी गोतिया ने उनके घर को ध्वस्त कर दिया था और उनके पिता के साथ मारपीट की थी।
डमरू यादव के अनुसार, शनिवार की रात उनके गोतिया के चार-पांच लोग सोनवा डंगाल में घात लगाए बैठे थे। उनके पिता को अकेला पाकर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है। खबर लिखे जाने तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी।



