
Deoghar News : जसीडीह रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान रेल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जांच के क्रम में पुलिस ने करीब 8 किलो चांदी बरामद करते हुए दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। दोनों से रेलवे पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार जसीडीह स्टेशन परिसर में रेल पुलिस द्वारा नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध बैग पर पड़ी। बैग की तलाशी लेने पर उसमें करीब 8 किलो चांदी बरामद हुई। बरामद चांदी को तत्काल जब्त कर लिया गया और दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।

बताया जा रहा है कि जिन लोगों के पास से चांदी बरामद हुई है, दोनों बिहार के जमुई जिला अंतर्गत चकाई थाना इलाके का रहने वाला है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उक्त चांदी कहां से लाई गई थी और उसे कहां ले जाया जा रहा था। मामले में अवैध कारोबार या तस्करी के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
हालांकि पूरे मामले को लेकर रेल पुलिस फिलहाल कुछ भी स्पष्ट बताने से इनकार कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आधिकारिक जानकारी दी जाएगी। जसीडीह स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है।



