
Deoghar: देवघर जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय बाबर अंसारी के रूप में हुई है, जो पथरघटिया गांव का निवासी था।

जानकारी के अनुसार, बाबर अंसारी बीते बुधवार शाम बाइक से घर से घूमने के लिए निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। गुरुवार सुबह पालोजोरी थाना क्षेत्र के सिला नदी स्थित फुसरोगढ़ा के पास उसका शव बरामद किया गया। शव के पास ही उसकी बाइक पड़ी मिली, जबकि मोबाइल फोन उसकी जेब से बरामद हुआ।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने शव को देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक की पहचान की। परिजनों ने घटना को हत्या बताते हुए दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार हो रहा है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास पुलिस कर रही है।


