Deoghar : कुंडा थाना क्षेत्र के बलियाचौकी तितमो के पास बुधवार अहले सुबह सड़क हादसे में 18 वर्षीय ट्रैक्टर मजदूर शक्ति यादव की मौत हो गई। मृतक सारवां थाना क्षेत्र के ताराटांड़ गांव का रहने वाला था।

घटना की जानकारी मिलते ही कुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे।

परिजनों ने बताया कि शक्ति सुबह करीब चार बजे ट्रैक्टर पर मजदूरी करने निकला था। इसी दौरान चलते ट्रैक्टर से वह सड़क पर गिर गया और किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी।
इधर, पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है। बताया गया कि शक्ति तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। वह ट्रैक्टर पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।



