
Garhwa: झारखंड के गढ़वा जिले के रमना प्रखंड क्षेत्र के बगोंधा टोला में एक शादी समारोह चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां, मंगलवार की रात हो रही शादी में दुल्हन ने अपनी मांग भराने से ही इंकार कर दिया। जिसके बाद ख़ुशी भरा माहौल तनाव में बदल गया।

जानकारी के अनुसार रमना थाना क्षेत्र के बगोंधा टोला निवासी सुखट राम की पुत्री पुष्पा कुमारी की शादी गढ़वा थाना क्षेत्र के जुबैरिया गांव निवासी दशरथ राम उर्फ बसंत राम के पुत्र दीपक कुमार रवि के साथ तय हुई थी। मंगलवार की रात दूल्हा पक्ष की बारात पूरे गाजे-बाजे और धूमधाम के साथ कन्या पक्ष के घर पहुंची। बारातियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। दूल्हा-दुल्हन की जयमाला की रस्म संपन्न हुई। दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इसके बाद विवाह मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शादी की अन्य धार्मिक रस्में शुरू हुईं।

जयमाला और विवाह की लगभग सभी रस्में पूरी हो चुकी थी। लेकिन दुल्हन ने ऐन सिंदूरदान के समय शादी करने से इनकार कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही सिंदूरदान की रस्म शुरू हुई और दूल्हा दुल्हन की मांग में सिंदूर भरने लगा, तभी अचानक दुल्हन पुष्पा कुमारी ने हाथ मारकर सिंदूर हटा दिया। इसके बाद उसने साफ शब्दों में शादी करने से इनकार कर दिया। यह देख विवाह मंडप में मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए. कुछ देर के लिए वहां सन्नाटा पसर गया और लोग समझ नहीं पाए कि आखिर अचानक ऐसा क्या हो गया।
रात भर चली पंचायत, पुलिस भी पहुंची
घटना के बाद दोनों पक्षों के परिजनों के बीच बातचीत शुरू हुई। लड़की को समझाने का प्रयास किया गया ताकि शादी की रस्म पूरी हो सके, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात तक पंचायत भी बैठी। स्थिति बिगड़ती देख लड़के के पिता ने स्थानीय थाना को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। पंचायत और पुलिस अधिकारियों द्वारा दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश की गई, लेकिन कोई गुंजाईश और लड़की से गुजारिश के बाद भी उसने किसी की न सुनी।
बगैर दुल्हन लौटी बारात
जिसके बाद दूल्हा पक्ष ने बारात वापस ले जाने का निर्णय लिया। बिना दुल्हन के ही बारात लौट गई। बताया जा रहा है कि दुल्हन काफी नाराज और तनाव में दिखाई दे रही थी। हालांकि उसने शादी से इनकार करने का स्पष्ट कारण सार्वजनिक रूप से नहीं बताया। इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं


