
Deoghar: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के गेंदुआ पत्थर खदान में नहाने गए एक 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई।

मृतक की पहचान बड़गछा गांव निवासी केसर महतो के 15 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार यादव के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर के बाद गांव के कुछ बच्चे पास स्थित पत्थर खदान में नहाने के लिए गए थे। सभी बच्चे पानी में तैर रहे थे। इसी दौरान नीरज कुमार यादव अचानक गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। अन्य बच्चों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। कुछ ही देर में वह पानी में डूब गया।

अन्य बच्चों ने परिजनों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खदान में उतरकर पानी में नीरज की तलाश शुरू की। लेकिन, काफी देर तक सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से सर्च ऑपरेशन चलाया और काफी मशक्क्त के बाद शव को खदान से बाहर निकाला गया। शव बाहर निकालते ही मौके पर कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि आज यानि सोमवार को शव का पोस्टमार्टम होगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


