
Deoghar: 12 जुलाई को बाबा नगरी में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) का आगमन हो रहा है। देवघर पहुंच कर सबसे पहले पीएम देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद बाबा मंदिर दर्शन-पूजन को जायेंगे। फिर वहां से पीएम मोदी देवघर कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के देवघर आगमन को लेकर बीजेपी की तरफ से तैयारी जोर-शोर से हो रही है। पुरे शहर को पीएम मोदी के पोस्टरों से सजा दिया गया है। इस बीच अब जेएमएम ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है। लेकिन, बीजेपी ने जेएमएम के लिए कोई जगह ही नहीं छोड़ी है।

जी हाँ…. देवघर एयरपोर्ट उद्घाटन कार्यक्रम कहीं बीजेपी का मेगा इवेंट प्रोग्राम ना बन जाए, इसे रोकने के लिए अब जेएमएम की तरफ से भी कार्यकर्ता रेस हो गए हैं। जैसे सांसद निशिकांत दुबे ने बीजेपी की तरफ से कमान संभाल रखी है, वैसे ही जेएमएम की ओर से देवघर जिले के मधुपुर से विधायक और सूबे के खेल कला संस्कृति मंत्री हफिजुल हसन ने कमान अपनी हाथों में ली है। बीजेपी के बाद जेएमएम की तरफ से शहर में पोस्टर लगाने शुरू हो गए हैं। लेकिन जेएमएम के कार्यकर्ताओं के समक्ष सबसे बड़ी समस्या ये है कि वो पोस्टर लगाएं तो कहां लगाएं।
पोस्टर के लिए बांस-बल्ली का सहारा

एमपी डॉ. निशिकांत दुबे के रणनीति के आगे सूबे की सत्ताधारी दल फ़िलहाल परेशान दिख रहे हैं। देवघर जिला जेएमएम के एक वरिष्ठ नेता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि दो-चार जगहों को छोड़ सारे जगहों पर बीजेपी वालों ने प्रधानमंत्री के स्वागत में पोस्टर लगा रखा है। अब हमलोग बांस-बल्ली के सहारे पीएम के अभिनंदन में पोस्टर लगाने पर विचार कर रहे हैं।

बीजेपी के पोस्टर में सिर्फ मोदी
एक ओर जहां बीजेपी के पोस्टरों में पीएम मोदी के अलावा बीजेपी का कोई दिग्गज नहीं दिख रहा है। पोस्टरों में सिर्फ मोदी को धन्यवाद का संदेश लिखा हुआ है। वहीं, दूसरी ओर जेएमएम की तरफ से जो पोस्टर लगाए जा रहे हैं, उसमें एयरपोर्ट का क्रेडिट सीएम हेमंत सोरेन को देने की कोशिश हो रही है। जेएमएम की तरफ से लगाए गए पोस्टरों में लिखा है कि “देवघर एयरपोर्ट का शिलान्यास आपने (हेमंत सोरेन) किया था और 12 जुलाई को आपकी उपस्थिति के लिए आभार और अभिनंनदन।” पोस्टर में मंत्री हफिजुल हसन, चंपई सोरेन, जगरनाथ महतो, जोबा मांझी और मिथिलेश ठाकुर की भी तस्वीर लगी हुई है।
भगवा के अलावा हरे बैकग्राउंड में भी मोदी
देवघर में जारी पोस्टर वॉर खूब रंग ला रहा है। हमेशा भगवा रंग के पोस्टरों में दिखने वाले पीएम नरेंद्र मोदी बाबानगरी के पोस्टरों में ग्रीन यानी हरे बैकग्राउंड में भी दिखाई दे रहे हैं। दरअसल जेएमएम की तरफ से जारी पोस्टरों में मोदी और हेमंत दोनों की तस्वीर लगायी गयी है। चूंकि जेएमएम के पोस्टर-बैनर का रंग हरा होता है, तो ऐसे में मोदी पोस्टरों में हरे बैकग्राउंड में मोदी नजर आ रहे हैं, जो अमूमन नहीं देखा जाता रहा है।


