
Madhupur (Deoghar): असामाजिक तत्वों ने स्कूल को निशाना बनाया है। देवघर जिले के पथरौल थाना क्षेत्र के कजरा मोड गोविंदपुर रोड स्थित एडीएस नीति विद्यालय में असामाजिक तत्वों ने पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी है।

इस घटना में स्कूल प्रबंधन को हजारों का आर्थिक नुकसान हुआ है। स्कूल के बेंच, कुर्सी और किताबें समेत कई सामान जलकर राख हो गए हैं।

बता दें कि ये स्कूल यहां पर किराए के मकान में संचालित किया जा रहा है। स्कूल में अगलगी की घटना की सूचना गांव में फैलते ही दर्जनों ग्रामीण महिलाएं और पुरुष मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली।
मौके से पुलिस ने पेट्रोल से भरे बोतल व कुछ अवशेष बरामद किया है।
बताया गया कि स्कूल में चारदिवारी नहीं है। ये एक अर्ध निर्मित भवन है। सिर्फ सामने एक दरवाजा है। इसका फायदा असामाजिक तत्वों ने उठाया है।
इस घटना को किसने अंजाम दिया है, ये अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस घटना को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों को पहचान कर कार्रवाई करने की कोशिश कर रही है। पुरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।


