
Dumka: संथाल परगना प्रक्षेत्र के डीआईजी अंबर लकड़ा की अध्यक्षता में श्रावणी मेला की तैयारियों, अपराध नियंत्रण और साइबर सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक दुमका में आयोजित की गई। बैठक में प्रमंडल के सभी छह जिलों के पुलिस अधीक्षक शामिल हुए और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था से जुड़े अलग-अलग अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में विशेष रूप से बाबा बैद्यनाथ धाम और बासुकिनाथ धाम में आगामी श्रावणी मेले की तैयारियों की समीक्षा की गई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं को लेकर रणनीति बनाई गई, जिससे कि मेले के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

डीआईजी अंबर लकड़ा ने कहा कि श्रावणी मेला संथाल परगना की आस्था और पहचान से जुड़ा बड़ा आयोजन है, इसलिए इसकी तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया।
इसके अलावा, क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को और सशक्त बनाने, लंबित कांडों के त्वरित अनुसंधान, साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश और आम लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। डीआईजी ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने जिलों में संवेदनशील मामलों पर विशेष निगरानी रखें और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए तकनीकी क्षमता को मजबूत किये जाने पर भी जोर दिया गया ताकि लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं।


