
Deoghar: गुरुवार देर रात लूटपाट करने के क्रम में गोली चलने से हुई एक युवक की मौत मामले में पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। संदिग्धों की संख्या लगभग पांच के करीब है।

एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने भी शुक्रवार को नगर थाना में हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ की। साथ ही मोहनपुर सर्किल इंस्पेक्टर केएन सिंह, नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, मोहनपुर थाना प्रभारी की टीम भी लगातार पूछताछ में जुटी रही।

पूछताछ से क्या कुछ जानकारी पुलिस के हाथ लगी, फिलहाल इस बारे में पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने के लिए प्रयुक्त फार्चूनर गाड़ी को जब्त किया है। जबकि देर रात घटनास्थल से पुलिस ने खोखा व हथियार भी बरामद कर चुकी है।
चालक के बयान पर लूटपाट का मामला दर्ज
रांची जिला के हिन्दीपीढ़ी निवासी मो.मंजूर के बयान पर मोहनपुर थाना में लूटपाट करने को लेकर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दर्ज मामले में पीड़ित का कहना है कि फ्रीज सप्लाई में काम करता है। गुरुवार सुबह बढ़गांवा चौक नामकुम रांची से मालवाहक में आठ पीस फ्रीज लोड कर साहेबगंज जा रहा था। रात 11.15 बजे देवघर जिला के मोहनपुर थाना अंतर्गत शशिभूषण ग्राम के पास पहुंचे थे। उसी दौरान एक उजला रंग का फार्चुनर कार से ओवरटेक कर गाड़ी को रुकवाया। उसके साथ काला रंग का पीछे मोटर साइकिल से दो अन्य व्यक्ति भी वहां पहुंचे और सभी ने उसे घेर लिया। फार्चुनर कार से चार अज्ञात व्यक्ति हाथ में पिस्टल लेकर निकले और गाली गलौज करते हुए पिस्टल के बट से मारकर जख्मी कर दिया। कनपट्टी में पिस्टल सटाकर मोबाइल फोन व पाकेट से दो हजार रुपया छीन लिया। पीड़ित को गाड़ी से उतार कर उसे फार्चुनर कार में बैठाने लगे। उसमें से एक व्यक्ति उसपर पिस्टल तान रखा था। उसी दौरान उनके पिस्टल से फायर हो गया। गोली उसके ही एक साथी को लग गई।
गोली लगने से हुई युवक की मौत
बताया जाता है इसी लूटपाट कांड में शामिल युवक की मौत गोली लगने की वजह से हुई है। मृतक का नाम 25 वर्षीय राजन लाल पिता दिनेश लाल है। जो रिखिया थाना क्षेत्र के बिहाई का रहने वाला है। वर्तमान में नगर थाना इलाके के नंदन पहाड़ इलाके में घर बना कर रह रहा था। घटना के बाद देर रात घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया।
संदिग्ध को पुलिस ने हिरासत में लिया
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। रात भर मोहनपुर, रिखिया, कुंडा, जसीडीह और टाउन थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है। देर रात जसीडीह स्टेशन से भी एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है कि यह संदिग्ध ट्रेन पकड़कर भागने के फिराक में था।
हालांकि पूरी घटना को लेकर मृत के स्वजनों का साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगा रहे है। कहना है कि पूर्व में दुश्मनी की वजह से घर से बुलाकर हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
मृतक के पिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज
मोहनपुर थाना में थाना क्षेत्र के बियाही गांव निवासी दिनेश लाल के बयान पर अज्ञात के खिलाफ गोली मारकर हत्या करने का मामला दर्ज किया गया है। दर्ज मामले में जिक्र है कि 23 अप्रैल को पीड़ित का पुत्र राजन लाल घर से अपने दोस्त से मिलने जयपुर मोड़ जाने की बात कहकर निकला था। पीड़ित भी एक निमंत्रण में चला गया था। उसी दौरान उसके मोबाइल फोन पर उनके पुत्र का रिश्तेदार राहुल कुमार ने राजन को गोली मारे जाने की सूचना दी। सूचना पर जब वह सदर अस्पताल पहुंचे तो वहां राजन को मृत हालत में पाया।
बताया गया कि वे लोग शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जयपुर मोड़ के पास चाय पीने के लिए रूके। उसी दौरान एक अज्ञात वाहन से कुछ लोग आए और राजन के सिने में गोली मार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद पिस्टल घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। घायल हालत में उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। यहां जांच के उपरांत चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस दर्ज मामले की छानबीन में जुटी है।


