
Madhupur (Deoghar): मध्य प्रदेश के सिंगरौली में करीब 14 करोड़ की बैंक डकैती मामले में मंगलवार को पुलिस टीम झारखंड के देवघर जिला स्थित मधुपुर शहर पहुंची। एएसपी मऊगंज के नेतृत्व में तीन वाहनों में दर्जनों पुलिस अधिकारी मधुपुर थाना और उपकारा मधुपुर में रह रहे अपराधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों के सहयोग से एचडीएफसी बैंक डकैती घटना की जानकारी ली। पुलिस बैंक डकैती कांड के उद्भेदन का प्रयास कर रही है।

क्या है पूरा मामला
मध्य प्रदेश के सिंगरौली बैढ़न में गत 17 अप्रैल 2026 को बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में भीषण डकैती को अंजाम दिया गया था। 5 नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े बैंक में घुसकर बंदूक का भय दिखाकर कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाया था। अपराधियों ने 14 करोड़ रुपए की लूट को अंजाम दिया, जिसमें करीब 8 किलो सोना और 20 लाख रुपये नकद शामिल था। बैंक में फायरिंग करते हुए बदमाश भाग निकले थे। पूरी वारदात को फिल्मी अंदाज में महज 15 से 20 मिनट के भीतर पूरी की गई थी। सभी अपराधी मोटरसाइकिल से ही नकद व सोना लेकर फरार हो गए थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
सिंगरौली पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के लिए सिंगरौली पुलिस की 10 टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने मामले में मास्टरमाइंड आरोपी कमलेश कुमार को बिहार के डेहरी-ऑन-सोन स्टेशन से गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 15.72 लाख रुपए और कुछ सोना भी बरामद किया गया है। पुलिस पूछताछ में उसने महत्वपूर्ण सुराग दिया है। उसने अपने अन्य साथियों का नाम बताया है। बैंक आफ महाराष्ट्र में बैंक डकैती की घटना गत 10 सितंबर 2025 को हुए मधुपुर एचडीएफसी बैंक से करोड़ों की डकैती कांड काफी मिलती-जुलती है।


