Deoghar: देवघर नगर थाना पुलिस ने शनिवार की शाम को छापेमारी कर फरार चल रहे एक आरोपी को अवैध हथियार और जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम नितिश कुमार उर्फ बउआ है जो सुभाष चौक का रहने वाला है। उसके पास से पुलिस ने एक देशी पिस्तौल और एक देशी कट्टा एवं 15 जिंदा कारतुस और दो मैगजीन बरामद किया है।
बताते चलें कि 7 मई 2023 को आपसी दुश्मनी में नगर थाना क्षेत्र के सुभाष चौक निवासी विवेक कुमार को उसके पांच जान पहचान के युवकों ने मिलकर दांया हाथ की कलाई को काट दिया था। उस वक्त घायल विवेक ने पुलिस को नितिश कुमार उर्फ बउआ और अन्य दो आरोपियों के नाम बताया था।
बताया था कि पूर्व से इन चार आरोपियों के साथ उसकी दुश्मनी थी। उसी के सुलह कराने के बहाने घर से शाम को साढ़े सात बजे के आसपास बुलाकर कास्टर टाउन सुंदर लाल मिश्रा रोड में धारदार हथियार से उसके दांये हाथ को काट दिया था।
पुलिस सूत्रों की माने तो गिरफ्तार नितिश कुमार उर्फ बउआ पूर्व में हत्या के मामले में जेल जा चुका है। वहीं उसका एक भाई अपराध के जुर्म में गोड्डा जेल में बंद है।