
Deoghar: देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें हाइवा और कार की जोरदार टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गये। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के घर तक हिल गये। इस हादसे में एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया।
शादी पंडाल में जा घुसा हाइवा

हादसा अंतर्गत देवघर-सारठ मुख्य पथ पर भंडारो वर्मा मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा कि कार जसीडीह थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव से जामताड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सारठ की ओर से आ रही हाईवा ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईवा कार को घसीटते हुए थोड़े दूर सड़क किनारे बने एक शादी के पंडाल में जा घुसा। जहां बांस में फंसने के बाद ही हाइवा रुक सका।
बाल-बाल बचे लोग, कार सवार की हालत गंभीर

गनीमत रही कि पंडाल में मौजूद लोग बाल-बाल बच गये। इधर , घटना की सूचना मिलते ही सारवां पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने कार में फंसे शख्स को गंभीर हालत में बाहर निकालकर इलाज के लिए सीएचसी भेजा। घायल व्यक्ति जसीडीह थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी शिवनारायण झा है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। जबकि, हाइवा चालक फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



