
Dhanbad: दिल्ली से हावड़ा जा रही पूर्वा एक्सप्रेस से गिरकर एक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मंगलवार को डोकरा हॉल्ट से कुछ दूरी पर हुई।

जानकारी के अनुसार, दंपती जनरल कोच में यात्रा कर रहा था और वॉशरूम की ओर जा रहा था। इसी दौरान पति का संतुलन बिगड़ गया और वे गिरने लगे।

पति को गिरता देख पत्नी ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह भी अपना संतुलन खो बैठीं और दोनों चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़े। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सुरक्षा बलों ने घायलों को घटनास्थल से उठाकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया।
दोनों पति-पत्नी को धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल, घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। आरपीएफ और जीआरपी मामले की जांच में जुटी हुई है और घायलों के परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।



