
Ranchi: झारखंड में रांची समेत कई जिलों में बुधवार को आंधी, हल्की बारिश और ओलावृष्टि हुई है। झारखंड के कई जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे आ गया है। हालांकि आज (गुरुवार) भी आईएमडी ने बारिश के साथ ही आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर 9 अप्रैल को भी रहेगा। मौसम केंद्र रांची ने गुरुवार को राज्य के 14 जिलों में बारिश की संभावना जताई है।
यलो अलर्ट जारी

इनमें रांची, खूंटी, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। इन इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की आशंका है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले तीन दिन रांची समेत अन्य जिलों में अधिकतम तापमान में बदलाव नहीं होगा। 12 अप्रैल के बाद गर्मी बढ़ेगी और कई जिलों में पारा 40 डिग्री तक पहुंच सकता है।



