
Deoghar News : देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के दिग्घी गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार अहले सुबह सड़क हादसे में भांजे की मौत हो गयी जबकि उसका चचेरा मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक 25 वर्षीय शिशिर कुमार दुमका जिला के जरमुंडी थाना क्षेत्र के नोनीहाट गांव का रहने वाला था।

वह दुमका में पालिटेक्निक कालेज का छात्र था। उसका नानी घर जसीडीह थाना क्षेत्र के गिधनी गांव में है। वह नानी घर आया था। उसके नाना राजेन्द्र कापरी ने बताया कि शिशिर अपने चचेरे मामा दीपक कुमार जो सेना का जवान है उसके साथ बाइक से वापस अपने घर जा रहा था।

इस दौरान रास्ते में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क किनारे पोल से टकरा गयी। हादसे में दोनों बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया।
यहां जांच करने के बाद डाक्टर ने शिशिर को मृत घोषित कर दिया। वहीं दीपक की हालत गंभीर देखते हुए सदर अस्पताल से बेहतर इलाज के लिये बाहर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे इलाज के लिये कुंडा स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया है।
बताया जाता है कि शिशिर पढ़ाई में काफी तेज था। उसने देवघर कालेज से बीएससी की पढ़ाई पूरी की थी। वह वर्तमान में दुमका के पालिटेक्निक कालेज से पढ़ाई कर रहा था। उसका बड़ा भाई इंजिनियर है। उसके पिता का फर्नीचर का होलसेल का दुकान है।
शिविर पढ़ाई के साथ ही पिता को कारोबार में मदद भी करता था। कारोबार के ही सिलसिले में वह देवघर आया था। यहां से वह और दीपक सुबह करीब चार बजे नोनीहाट जाने के लिए गिधनी से निकले थे।
इसी दौरान रास्ते में हादसे में उसकी मौत हो गयी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन भी देवघर सदर अस्पताल पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गयी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


