
Deoghar: खेल जगत के लिए गर्व का विषय है कि देवघर के उभरते हुए खिलाड़ी मिथलेश कुमार का चयन राष्ट्रीय जूनियर खो-खो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। मिथलेश कुमार के इस चयन से पूरे जिले के खेल प्रेमियों में खुशी और उत्साह का माहौल है।

राष्ट्रीय जूनियर खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन 30 मार्च से 2 अप्रैल तक ओडिशा के कटक में होने वाला है।

मिथलेश कुमार अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन और लगातार मेहनत के बल पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। उन्होंने जिला एवं राज्य स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अब वे राष्ट्रीय स्तर पर देवघर का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
मेहनत और समर्पण से हासिल हुई यह उपलब्धि-डॉ राजीव रंजन
खो-खो देवघर के अध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “मिथलेश कुमार ने अपनी लगन, मेहनत और समर्पण के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर देवघर और झारखंड का नाम रोशन करेंगे। यह उपलब्धि जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।”
महासचिव कौशल कुमार सिंह ने कहा, “राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा को निखारने और अनुभव प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण मंच होती हैं। मिथलेश कुमार का चयन इस बात का प्रमाण है कि देवघर में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। हम सभी उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हैं और आशा करते हैं कि वे उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है, और मिथलेश कुमार इन सभी गुणों के धनी हैं।
खो-खो देवघर के उपाध्यक्ष मुकुल मिश्रा, सुनील कुमार, विक्की रमानी, घनश्याम राणा ,गुंजन कुमारी, राकेश कुमार, प्रकाश कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों ने मिथलेश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे देवघर के लिए गर्व का क्षण है।
मिथलेश के विद्यालय के शारीरिक शिक्षक निर्भय कुमार यादव ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मिथलेश एक मेहनती और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अपने खेल से विद्यालय और जिले का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मिथलेश राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
स्थानीय खेल प्रेमियों और नागरिकों ने भी मिथलेश कुमार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने उनके बेहतर प्रदर्शन और सफलता के लिए प्रार्थना की है।


