
Deoghar News : देवघर जिले के साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर 04 साइबर गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया।
फर्जी कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर करते थे ठगी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी खुद को फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर, अमेज़न कस्टमर केयर, एयरटेल पेमेंट बैंक ऑफिसर, फोनपे कस्टमर केयर पदाधिकारी आदि बताकर लोगों को झांसे में लेते थे। ये आरोपी गूगल पर फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड कर आम लोगों को संपर्क करने के लिए प्रेरित करते थे और फिर ऑनलाइन फ्रॉड को अंजाम देते थे।
कैश बैक और लोन के नाम पर जाल

अपराधी उपभोक्ताओं को कैश बैक, पीएम किसान योजना और लोन दिलाने का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके अलावा फोनपे गिफ्ट कार्ड क्रिएट करवाकर उसे रिडीम कर पैसे हड़प लेते थे।
गिरफ्तार आरोपी के नाम
पुलिस ने जिन 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमे दिनेश दास साकिन नगड़ो थाना सारठ, मनोज कुमार दास, पेंतीस कुमार दास साकिन भेड़वा, विकास कुमार दास साकिन पेसरगढा थाना मधुपुर जिला देवघर के निवासी हैं।
बरामद सामान
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 05 मोबाइल फोन और 05 सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में इनका इस्तेमाल साइबर फ्रॉड में होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक नागेंद्र कुमार मंडल, एएसआई संतोष कुमार मंडल तथा मधुपुर तथा पथरौल थाना की पुलिस टीम शामिल रही।
लगातार जारी है कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में साइबर क्राइम के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी अनजान कॉल, लिंक या कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा न करें।


