
Deoghar : देवघर नगर थाना क्षेत्र में केक में दवा खिलाकर महिला का मंगलसूत्र निकालकर ले जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किये गये मंगलसूत्र को गलाकर बेचने के बाद खरीदी गयी सोने की तीन अंगूठी और एक सोने का लॉकेट समेत 34 हजार रुपये नकद बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त को वादी पंकज कुमार सिंह ने अपनी पत्नी को केक में दवा खिलाकर मंगलसूत्र निकालकर ले जाने के आरोप में नगर थाना में कांड दर्ज कराया था। मामले की प्राथमिकता को देखते हुए पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
अनुसंधान के क्रम में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्राथमिकी महिला अभियुक्त ज्योति कुमारी, पिता अनूप कुमार केसरी, ग्राम गीता देवी डीएवी स्कूल, कास्टर टाउन, थाना नगर, जिला देवघर तथा उसके बॉयफ्रेंड अप्राथमिकी अभियुक्त मोहम्मद सिराजुद्दीन, पिता मोहम्मद अलाउद्दीन, ग्राम ठाड़ीदुलमपुर, थाना कुंडा, जिला देवघर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी गया मंगलसूत्र गलाकर बेचकर खरीदे गये सोने की तीन अंगूठी, एक सोने का लॉकेट और 34 हजार रुपये नकद बरामद किये गये हैं। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस द्वारा मामले में आगे भी कार्रवाई की जा रही है।



