
Giridih News : कोलकाता में एक ठेकेदार के घर से चोरी किए गए लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र के कमरसाली स्थित ससुराल से बरामद किए गए हैं। मामले में कोलकाता के बेनियापुकुर थाना की पुलिस ने जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज निवासी घुपन पासवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर उसके ससुराल में छापेमारी कर 55 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए गए।

जानकारी के अनुसार, घुपन पासवान कोलकाता में एक बड़े ठेकेदार के घर कोठीबारी का काम करने के साथ खाना बनाने का कार्य भी करता था। आरोप है कि इसी दौरान उसने ठेकेदार के घर से सोने के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी के बाद आरोपी ने जेवरात को अपने ससुराल कमरसाली में छिपाकर रख दिया था।

इस संबंध में ठेकेदार की शिकायत पर बेनियापुकुर थाना, कोलकाता में कांड संख्या 280/26 दर्ज किया गया था। मामले की जांच के क्रम में कोलकाता पुलिस ने आरोपी घुपन पासवान को कोलकाता से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी को लेकर गिरिडीह पहुंची।
इसके बाद कोलकाता पुलिस ने पचम्बा थाना पुलिस के सहयोग से कमरसाली स्थित आरोपी के ससुराल में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद कर लिए। बरामदगी की कार्रवाई पूरी करने के बाद कोलकाता पुलिस आरोपी और जब्त आभूषणों को अपने साथ कोलकाता ले गई।
हालांकि, बरामद सोने के आभूषणों की वास्तविक मात्रा और उनकी सटीक कीमत को लेकर कोलकाता पुलिस की ओर से फिलहाल आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। मामले में कोलकाता से चोरी के आभूषणों का गिरिडीह में बरामद होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।



