
Deoghar: देवघर जिले के सारठ थाना क्षेत्र के कोड़ाडीह के पास साइकिल सवार एक अधेड़ व्यक्ति को चाकू से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिये जाने का मामला सामने आया है।

घायल का नाम 45 वर्षीय मुरली हेम्ब्रम है। वह सारठ थाना क्षेत्र के पथरलेढ़ा गांव का रहने वाला है। उसे इलाज के लिये परिजनों ने देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।

परिजनों ने बताया कि मुरली साइकिल से राशन का चावल लाने डीलर के पास नावाडीह गांव जा रहा था। उसी दौरान कोड़ाडीह के पास पहले से घात लगाकर बैठे उसी गांव के एक व्यक्ति ने उसपर चाकू से अचानक हमला कर दिया। इस घटना में मुरली को गंभीर चोट लग गयी।
उसे इलाज के लिये पहले सारठ स्थित सीएचसी केन्द्र लेकर गये। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिये देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी स्थानीय सारठ पुलिस को दे दी गयी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।


