
कोकराझार: कोकराझार जिला का दोहरे दुष्कर्म और हत्या के 22 वर्षीय आरोपित फोरिजुल रहमान (22) ने सबूत की तलाशी के दौरान पुलिस पर हमला कर फरार होने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने पैर में गोली मारकर उसे घायल कर पकड़ लिया। हालांकि, खून अधिक बह जाने के कारण उसे बरपेटा मेडिकल कालेज अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

उल्लेखनीय है कि कोकराझार जिला अंतर्गत अभयाखुटी गांव में गत 11 जून को 14 और 16 वर्ष उम्र की दो जनजाति किशोरियों का शव आम के पेड़ पर लटकते हुए पाया गया था। प्रारंभिक जांच में इसे खुदकुशी करार दिया गया था, लेकिन शुरू से ही खुदकुशी वाले एंगल को लेकर रहस्य सामने आया था। मामले की गहनता से जांच करने का मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने पुलिस को निर्देश दिया था। पुलिस ने 13 व 14 जून को कुल सात आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ के दौरान बीती रात मृतक एक किशोरी के मोबाइल के बारे में फोरिजुल रहमान ने जानकारी होने की बात पुलिस को बतायी थी जिसके बाद पुलिस की एक टीम उसे अपने साथ लेकर बेदलंगमारी, सालबारी के पास जंगल में मोबाइल की बरामदगी के लिए तलाशी अभियान शुरू किया। आरोपित पुलिस को जंगल में काफी देर तक घुमाता रहा। जंगल में आरोपितों के द्वारा छुपाकर रखे गये दाव से फोरिजुल रहमान ने पुलिस कॉन्सेटबल अतुल बोरा पर हमला कर भागने की कोशिश की।
आरोपित को भागते देख पुलिस कर्मियों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, जब वह नहीं रुका तो पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। इसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत कोकराझार अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसकी हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्नत चिकित्सा के लिए बरपेटा मेडिकल अस्पताल में रेफर कर दिया है। इस घटना में पुलिस कॉन्टेबल अतुल बोरा भी घायल हो गया है। इसकी जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जीपी सिंह ने ट्वीट कर दी है।
दोहरे दुष्कर्म और हत्या मामले में कुल सात आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें तीन मुख्य आरोपित हैं तथा चार सह आरोपित हैं। इस घटना के चलते पूरे इलाके में रोष व्याप्त है। लोग सभी आरोपितों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।