
Deoghar: नगर थाना, कुंडा थाना और रिखिया क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सौरभ की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

इस बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन एवं प्रभावी पुलिसिंग को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

बैठक में देवघर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ टाऊन थाना, कुंडा थाना एवं रिखिया थाना के थाना प्रभारी समेत अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी सक्रिय रूप से शामिल हुए। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की स्थिति, चुनौतियों एवं कार्ययोजना को साझा किया, जिस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अनुमंडल से लेकर थाना स्तर तक सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि किसी भी आपराधिक घटना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने संगीन एवं लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष बल दिया।
संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने, रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया। महिला, बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा, आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए थाना स्तर पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
देवघर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।
देवघर पुलिस निष्पक्ष, पारदर्शी एवं जवाबदेह पुलिसिंग के माध्यम से सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।


