
Deoghar: झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने देवघर शहर में बढ़ रही छिनतई की घटना पर अंकुश लगाने की मांग देवघर जिला प्रशासन से की है।

अजय कुमार ने कहा कि बढ़ रही छिनतई की घटना के कारण महिला सहित हर वर्ग के लोग भय के माहौल में जीने को विवश हैं। छिनतई करने वाले अपराधियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई किए जाने की जरूरत है ताकि इस अपराध पर अंकुश लग सके और देवघर वासी निर्भीक होकर शहर में घूम सकें।

देवघर के लोगों खासकर महिलाओं ने देवघर पुलिस प्रशासन से छिनतई करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसने की मांग की है। लोगों का कहना है कि देवघर में बढ़ रही इस तरह की घटनाओं का मुख्य कारण नशा भी है। जिसमें अवैध देशी शराब की बिक्री शामिल है।
नहीं रुका है अवैध शराब बिक्री का धंधा
देवघर आर एल सर्राफ के पास रहने वाले स्थानीय बताते हैं कि पूर्व में प्रत्येक दिन सर्राफ़ स्कूल और स्टेडियम रोड से छिनतई की खबर आती थी। पुलिस प्रशासन ने इस पर काफी हद तक अंकुश लगा लिया है। लेकिन इसे पूरी तरह खत्म करने की जरूरत है। जिसके लिए यहां पर बिकने वाले अवैध शराब के धंधे को नष्ट करना होगा।
दरअसल, पुलिस की लगातार गश्ती ने इस इलाके में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया है। सर्राफ़ स्कूल के पास बेची जाने वाली अवैध देशी शराब की बिक्री में भी कमी आई है लेकिन ये बाजार पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गश्ती पुलिस के जाते ही शराब विक्रेता फिर से एक्टिव हो जाते हैं और चोरी छिपे देशी शराब की बिक्री शुरू हो जाती है। जिसमें महिलाओं की भागीदारी ज्यादा होती है। नशे करने के लिए और नशा करने के बाद आपराधिक तबके के युवक आये दिन छिनतई और लूटपाट की घटना को अंजाम देने लगते हैं।


