
Ranchi: पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड का मौसम रविवार दोपहर बाद अचानक बदल गया है। अचानक बदले मौसम के कारण लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन कई इलाकों में तेज हवा और बिजली चमकने से सतर्क रहने की जरूरत भी महसूस की गई।

मौसम केंद्र रांची के निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड के ऊपर से एक टर्फ लाइन गुजर रही है। इसी वजह से राज्य में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार से यह सिस्टम पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा, जिसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है।
24 जिलों में तेज हवा, मेघ गर्जन और हल्की बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार 16 मार्च को राज्य के 24 जिलों में तेज हवा, मेघ गर्जन और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। कई स्थानों पर वज्रपात और ओलावृष्टि होने की भी चेतावनी दी गई है।
17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज सहित 17 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
17, 18 और 19 मार्च को भी बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 17 मार्च को राज्य के सभी जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। वहीं 18 मार्च को रांची सहित राज्य के 18 जिलों में तेज हवा और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।
इसके बाद 19 मार्च को फिर से लगभग सभी जिलों में गर्जन के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में रहने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
21 मार्च के बाद फिर बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार 17 से 21 मार्च तक राज्य के अधिकांश जिलों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। इसके बाद 20 या 21 मार्च के बाद मौसम में बदलाव आएगा और तापमान में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।



