
Deoghar Municipal Election: शुक्रवार को देवघर नगर निगम चुनाव में विजयी मेयर और वार्ड पार्षदों को विकास भवन सभागार में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गयी। शपथ ग्रहण के बाद डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव कराया गया।
टिप चटर्जी की बड़ी जीत

मतदान में टिप चटर्जी को 21 वोट मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी अपर्णा झा को 15 वोट ही प्राप्त हुए। इस तरह टिप चटर्जी ने 6 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर देवघर नगर निगम की डिप्टी मेयर बन गयी।
जीत के बाद मना जश्न

बता दें कि टिप चटर्जी जेएमएम समर्थित उम्मीदवार थीं। जिन्होंने जीत हासिल की। डिप्टी मेयर बनने के बाद टिप चटर्जी के स्वागत के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता विकास भवन पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी और जीत का जश्न मनाया।
देवघर नगर निगम में जेएमएम का बोलबाला
गौरतलब है कि देवघर नगर निगम में मेयर रवि राउत भी झामुमो समर्थित हैं और डिप्टी मेयर को भी झामुमो का समर्थन प्राप्त है। अब जीत के बाद दोनों पदों पर झामुमो समर्थित उम्मीदवारों का कब्जा हो गया है। इसे देवघर में पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है।
शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, एसी हीरा कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार और जिला पंचायती राज पदाधिकारी सहित कई अधिकारी मौजूद थे।


