
Deoghar: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने शुक्रवार को देवघर में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला भू-अर्जन कार्यालय में छापेमारी कर दो कर्मियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रिंग रोड के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजे की राशि जारी करने के बदले कमीशन मांगने के आरोप में की गई है।

गिरफ्तार किए गए कर्मी में बड़ा बाबू निरंजन कुमार और अनुसेवक नुनुदेव यादव शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, दोनों कर्मियों को उस समय दबोचा गया जब वे एक लाभुक से मुआवजे की कुल राशि का 5 प्रतिशत हिस्सा बतौर रिश्वत ले रहे थे। एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया और उनके पास से रिश्वत की रकम भी बरामद की है।
लाभुक की शिकायत पर एसीबी की कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक एक लाभुक ने इसकी शिकायत एसीबी से की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका मुआवजा बकाया था, जिसे जारी करने के लिए कर्मी लगातार पैसों का दबाव बना रहे थे। एसीबी ने जब इस शिकायत का सत्यापन कराया, तो मामला सही पाया गया, जिसके बाद इस छापेमारी की योजना बनाई गई। जिसके बाद एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ दुमका ले गई है।
बता दें कि देवघर में रिंग रोड परियोजना के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। नियमानुसार, जिन किसानों और भू-स्वामियों की जमीन ली गई है, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाना है।


