
Deoghar: आगामी श्रावणी मेला-2026 को लेकर जिला पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक, देवघर प्रवीण पुष्कर ने कांवरिया रूट लाइन का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी देवघर कुलदीप कुमार, डीएसपी सीसीआर लक्ष्मण प्रसाद,थाना प्रभारी देवघर तथा सार्जेंट मेजर भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने कांवड़िया पथ के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान हिंडोला रेलवे ब्रिज, घोरमारा, हथगढ़, कोरिया तथा एस.ए. बस पड़ाव समेत कांवड़िया रूट के कई प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने मार्ग में संभावित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, यातायात संचालन की व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की।
साथ ही श्रावणी मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। पुलिस प्रशासन का यह निरीक्षण श्रावणी मेला-2026 के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अधिकारियों ने संबंधित व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।


