
Deoghar News : विषपान करने से गंभीर हुई महिला का सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में मौत हो गयी। मृतका का नाम 19 वर्षीय कविता कुमारी पति अरूण पंडित है। वह जसीडीह थाना क्षेत्र के कोकरीबांक की रहने वाली थी। मृतका के स्वजनों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना करने का आरोप लगाया है।

बताया जाता है कि सोमवार की देर शाम को गंभीर अवस्था में उसे इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर ने देखने के बाद विषपान से गंभीर होने की बात बतायी थी। इलाज के क्रम में देर रात को उसकी मौत हो गयी।

मंगलवार की सुबह मृतका के मायके वाले गिरिडीह जिला के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के लूपी गांव से देवघर सदर अस्पताल पहुंचे और उसके ससुराल वालों पर जबरन जहर देकर मारने का आरोप लगाने लगे।
पुलिस को दिये बयान में मृतका के पिता अनिल पंडित ने कहा है कि उसकी बेटी की शादी डेढ़ वर्ष ही अरूण पंडित से किया था। उसके सास ससुर द्वारा बेटी को अपने मायके से 1.50 रूपये मांग कर लाने को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था।
कहा है कि दस दिन पूर्व ही उसका दामाद उसे अपने घर पर बुलाया और रूपये कि मांग करने लगा। जब उसने विरोध किया तो गाली गलौज करते हुए मारपीट कर भगा दिया।
इधर सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।


