
Deoghar: मेयर चुनाव के बाद शहर में राजनीति का नया केंद्र डिप्टी मेयर पद बन गया है। डिप्टी मेयर बनने के लिए लॉबिंग शुरू हो चुकी है।

डिप्टी मेयर बनने के लिए प्रत्याशी पार्षदों को अपने पक्ष में करने की तमाम कोशिश कर रहे हैं। दावों और वादों के अलावा पार्षदों को प्रलोभन देने में भी प्रत्याशी पीछे नहीं हट रहे।

नये पार्षदों ने नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि डिप्टी मेयर की कुर्सी पर बैठने की चाहत रखने वाले प्रत्याशी समर्थन देने के लिए पैसे तक देने के लिए तैयार बैठे हैं। पार्षदों को तीन लाख रुपए से लेकर सात लाख रुपए तक का ऑफर दिया जा रहा है। हालांकि एन सेवन इन दावों की पुष्टि नहीं करता है।
सूत्र बताते हैं कि सुबह हो या रात डिप्टी मेयर के लिए जोर आजमाइश करने वाले पार्षद शहर के एक कोने से दूसरे कोने तक पार्षदों के घर पहुंच रहे हैं। करीब आधा दर्जन प्रत्याशियों के नाम अबतक इस पद के लिए अनौपचारिक तौर पर सामने आ चुके हैं।
ऐसे में ये कहना गलत नहीं होगा कि डिप्टी मेयर के ज्यादा दावेदार सामने आए तो डिप्टी मेयर का चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आएगा वैसे-वैसे लॉबिंग और भी तेज होगी और पार्षदों के भाव भी बढ़ने लगेंगे।
हालांकि देवघर में भाजपा, कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने डिप्टी मेयर पद के लिए किसी उम्मीदवार को अभी तक अपने समर्थन की घोषणा नहीं की है। ऐसे में पार्टी लाइन से ऊपर उठकर व्यक्तिगत रूप से प्रबल उम्मीदवार पार्षदों को लुभावन ऑफर दे रहे हैं।
बता दें कि देवघर में 13 मार्च को मेयर और वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।


