
Deoghar: हमेशा यह देखा गया है कि बाबा मंदिर के दर्शन के लिए बाहर से आने वाले श्रद्धालु गूगल मैप का सहारा लेते हुए संकरी एवं तंग गलियों में प्रवेश कर जाते हैं। इस वजह से यातायात की सुगमता बाधित हो जाती है। इस कारण श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है और उन्हें घंटों जाम में फंसना पड़ता है।

इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए देवघर पुलिस अधीक्षक सौरभ के निर्देश पर देवघर यातायात पुलिस ने एक अभूतपूर्व निर्णय लिया है। अब मंदिर की ओर जाने वाले सभी प्रमुख संकीर्ण मार्गों को गूगल मैप पर प्रवेश निषेध घोषित कर दिया गया है। इस व्यवस्था के तहत यदि कोई श्रद्धालु गूगल मैप पर लाइव ट्रैफिक का उपयोग करते हुए मंदिर तक पहुँचने का प्रयास करेगें तो उसे ये संकीर्ण मार्ग गूगल मैप पर रोड क्लोज्ड (बंद मार्ग) के रूप में दिखाई देंगे। जिससे वह सीधे सुरक्षित एवं सुगम मार्ग की ओर निर्देशित हो सकेगा।

यह पहल यातायात को सुचारू बनाए रखने एवं श्रद्धालुओं की यात्रा को सुखद व सुरक्षित बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
घंटों जाम से बचना है तो अब गूगल मैप को बनाएं अपना नेविगेटर
प्रशासन के अनुसार मंदिर के आसपास स्थित संकरी और तंग गलियों में अक्सर श्रद्धालु अपने चार पहिया वाहन लेकर घुस जाते हैं। जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए मंदिर की ओर जाने वाले 17 से अधिक प्रमुख रास्तों को चार पहिया वाहनों के लिए पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
प्रतिबंधित मार्गों में ये शामिल हैं
प्रतिबंधित मार्गो में जलसार से मंदिर जाने का रास्ता, सब्जी मंडी से मंदिर जाने का रास्ता, आजाद चौक से मंदिर जाने का रास्ता, टावर चौक से मंदिर जाने का रास्ता, धोबिया गली, ड्रोलिया गली, डोमासी गली सहित अन्य संकरी गलियां
गूगल मैप बनेगा राहगीरों का जरिया
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाहर से वाहन लेकर आने वाले हर श्रद्धालु के लिए लाइव गूगल मैप का उपयोग करना अब सबसे बड़ा सहायक साबित होगा। पुलिस ने गूगल मैप पर सभी बंद मार्गों को अपडेट कर दिया है, जिससे श्रद्धालु मंदिर क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले ही यह जान सकेंगे कि कौन-सा रास्ता अवरुद्ध है और कौन-सा उनके वाहन के लिए खुला है।
यातायात पुलिस के अनुसार, लाइव गूगल मेप देखकर चलने से श्रद्धालु न केवल बंद गलियों में घुसने से बचेंगे, बल्कि घंटों जाम में फंसने से भी बच जाएंगे।
देवघर पुलिस की अपील
देवघर यातायात पुलिस ने सभी भक्तों से विनम्र अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और पुलिस कर्मियों द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें।
यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए मंदिर प्रवेश के सभी 17 प्रमुख मार्गों मे चार पहिया वाहन प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।



