
Deoghar: महाशिवरात्रि के अवसर पर इस बार बाबा नगरी में निकलने वाली शिव बारात पहले से कहीं अधिक भव्य, आकर्षक और यादगार होने जा रही है। शहर को दुल्हन की तरह सजाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन शिव बारात के साथ बाबा नगरी में देव लोक का अद्भुत दृश्य देखने को मिलेगा।

पहली बार चंदन नगर के साथ-साथ कोलकाता से मंगायी गयी अत्याधुनिक लाइटों (मूविंग लाइट्स) से पूरा शहर जगमगायेगा। अलग-अलग आकृतियों वाली मुविंग लाइटें प्रमुख चौक-चौराहों की शोभा बढ़ायेंगी। बाजला चौक से सुभाष चौक और वीआइपी चौक तक विशेष लाइट से सजावट की जायेगी, जबकि भव्य तोरण द्वार श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगे।

शिव बारात में इस बार छह प्रमुख झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी। इनमें सुलगती खोपड़ी, हैकर दैत्य, अंगूलीमाल डाकू को गौतम बुद्ध द्वारा उपदेश देता हुआ, एलियन की भक्ति, नरभक्षी और पिंजरे में घूमता कंकाल शामिल हैं। ये सभी झांकियां सामाजिक और आध्यात्मिक संदेश देने के उद्देश्य से तैयार की जा रही हैं।
बारात में कुल 24 देवी-देवताओं के मुख्य पात्र शामिल होंगे। बाबा भोलेनाथ के साथ गणेश, ब्रह्मा, विष्णु, महेश, लक्ष्मी, सरस्वती, इंद्र देव, शनि देव, गंगा माता, यम दरबार, राम दरबार, रावण व शिवलिंग, श्याम कार्तिक, सूर्य देव, बाल शिव, महाकाल, बुद्धा, पवन देव, कुबेर महाराज, नारद मुनी, अग्निदेव, कामदेव, कृष्ण देव और भारत माता की झांकियां शामिल रहेंगी। इसके अलावा दर्जनों साधु-संत, भूत-प्रेत और कंकाल भी बारात का हिस्सा बनेंगे, जिससे पूरा शहर शिवमय हो उठेगा।
इस बार शिव बारात की अगुवाई 13 ऊंट और 50 घोड़े करेंगे। पूरे रूट पर लाइन से साउंड सिस्टम लगाये जायेंगे, जिससे शिव धुनों के साथ जरूरी सूचनाओं का प्रसारण होगा। जगह-जगह बारात के स्वागत के लिए स्टेज बनाये जा रहे हैं। लाइव प्रसारण के लिए शहर में एलइडी टीवी लगाये जायेंगे।
बारात की रौनक बढ़ाने के लिए भंगड़ा पार्टी, बैंड पार्टी, तासा पार्टी के साथ भारी संख्या में ढोल-ढाक की व्यवस्था की गयी है।


