
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमसिया बायपास रोड में गुरुवार शाम दो बाइकों के बीच आमने-सामने हुई भिंड़त में एक युवक की मौत हो गई जबकि घटना में दूसरा युवक जख्मी हो गया।

मृत युवक की पहचान देवघर रेलवे स्टेशन के समीप रहने वाला 18 वर्षीय हर्षित के रूप में की गई जबकि घायल इंदिरा नगर मोहल्ला निवासी ऋषभ कुमार है। घायल का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है।

उधर घटना के बाद पुलिस घटनास्थल पहुंची और दोनों बाइक सहित बुलेट बाइक चालक को हिरासत में लिया है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि बुलेट मोटरसाइकिल बरमसिया से देवघर कालेज की ओर से जा रही थी।
बुलेट बाइक को एक युवक चला रहा था जबकि देवघर कालेज से बरमसिया की ओर से बाइक पर दो युवक सवार थे। उसी दौरान बरमसिया (मिट्टी से बने सामान बेचने वाले स्थान के समीप) दोनों बाइक के बीच जोरदार भिंड़त हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।
यहां जांच के उपरांत चिकित्सक ने हर्षित को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही अस्पताल पहुंचे स्वजनों का रो-रोकर हाल बुरा हो रहा है।


