
Deoghar: देवघर जिले के कुंडा थाना इलाके से अवैध गांजा बेचने के आरोप में दो आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। जेल गए आरोपियों में बुधन महतो साकिन दूधनिया और कोरियासा निवासी बिट्टू कुमार मंडल के नाम शामिल है।

दोनों के पास से आधा किलो अवैध गांजा बरामद किया गया है। इसे लेकर कुंडा थाना प्रभारी पुअनि प्रशांत कुमार के बयान पर मामला दर्ज किया गया। कुंडा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दुल्हनिया गांव के पास बुधन महतो के घर के पीछे अवैध रूप से गांजा बेचने का कार्य किया जा रहा है। उपरांत सदर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया गया।

टीम में कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, एसआई देवेंद्र सिंह, एसआई मोतीराम देवगम, एएसआई तिलेश्वर यादव सहित थाना के जवान शामिल थे। टीम जब छापेमारी के लिए दुल्हनिया स्थित बुधन महतो के घर के पास पहुंची तो पुलिस टीम को देखकर दो लोग भागने लगे।
जवानों ने खदेड कर दोनों को दबोच लिया। दोनों की जब जांच की गई तो बुधन महतो के पास से 249 ग्राम और बिट्टू मंडल के पास से 299 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।


