
Deoghar: अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गयी। वहीं दो अन्य युवक घायल हो गए हैं। मृतक 32 वर्षीय मनोरंजन टुडू जिले के खागा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव का रहने वाला है।

उसके भाई मोहित टुडू ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसका भाई मीट लाने की बात कहकर घर से चितरा बाजार निकला था। उसके बाद वह दिनभर लौटकर नहीं आया। शाम को उन लोगों ने उसकी खोजबीन शुरु की। देर शाम को किसी ने फोन पर बताया कि मनोरंजन टुडू चितरा थाना क्षेत्र के मुर्गाबनी के पास सड़क पर घायल हालत में गिरा हुआ है।

सूचना मिलने पर वे लोग वहां पहुंचे। मनोरंजन गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके सिर व नाक पर गंभीर चोट लगी थी। पता चला कि अज्ञात वाहन ने उसे धक्का मार दिया था। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके पर से फरार हो गया। उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल लाया गया। यहां जांच के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गयी है।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वहीं अन्य सड़क हादसों में दो युवक घायल हो गए हैं। एक घटना में सीमावर्ती बिहार के जमुई जिला के चकाई थाना क्षेत्र के उरवा गांव निवासी राजू कुमार और बिहार के बांका जिला कटोरिया थाना क्षेत्र निवासी मुकेश कुमार यादव घायल हो गया है।
दोनों युवक बाइक से गिरकर घायल हुए हैं। दोनों युवकों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



