
Ranchi: पूरा झारखंड इन दिनों शीतलहर की चपेट में है। सुबह-सुबह पूरा प्रदेश घने कोहरे की चादर ओढ़े नजर आ रहा है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। कई जिलों में आज येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने आज रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, प. सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, सरायकेला, पू. सिंहभूम, जामताड़ा, देवघर और गिरिडीह में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम केंद्र रांची के अनुसार उत्तर-पश्चिम की ओर से आने वाली बर्फीली व ठंडी हवाओं और दिन में आसमान साफ रहने की वजह से रातें ज्यादा ठंडी रहेंगी। अगले तीन दिनों तक कई इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है।
कोहरे के कारण देवघर की विजिबिलिटी सबसे कम
पूरे प्रदेश में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी में काफी कमी आई है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मुताबिक सोमवार को रांची में विजिबिलिटी 600 मीटर, जमशेदपुर में 300 मीटर, पलामू में 400 मीटर और देवघर में सबसे कम 200 मीटर रिकॉर्ड की गई ।
झारखंड में कोहरे का असर विमान और ट्रेन परिचालन पर भी पड़ा है। जन जीवन प्रभावित हो रहा।


