
Ranchi: झारखंड इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के साथ-साथ दक्षिण-पूर्व दिशा से आ रही नमी भरी हवा है। आलम यह है कि प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार अगले दो दिनों तक राज्य के 14 जिलों में कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड की संभावना बनी रहेगी। इनमें रांची, गुमला, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर और जामताड़ा जिले शामिल हैं। विभाग ने बताया कि यह स्थिति 22 दिसंबर तक बनी रह सकती है।

कोहरे और बादलों के कारण दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कई इलाकों में शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं। राज्य के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड है। सुबह और देर रात घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो गई है। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।


