
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साप्ताहिक बंदी (Weekend Lockdown) पर बड़ा निर्णय लिया है। इसे समाप्त कर दिया गया है। यानी अब धनबाद, बोकारो, गिरीडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज समेत समेत पूरे राज्य में रविवार को भी सभी बाजार और दुकानें लाकडाउन से पहले की तरह खुलेंगी। वहीं, झारखंड में इस बार छठ घाट पर मनेगा।

CM हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई आपदा प्रबंधन की बैठक में शुक्रवार को इस संबंध में निर्णय लिया गया है।सरकार ने पिछले 6 महीने से राज्य में लागू रविवार बंदी को भी वापस ले ली है। सरकार ने नदी एवं तालाबों में कोविड प्रोटोकॉल के साथ छठ व्रत करने की भी इजाजत दे दी है। हालांकि कक्षा एक से पांचवीं तक के स्कूल अभी नहीं खुलेंगे। आपदा प्रबंधन की बैठक के बाद मंत्री बन्ना गुप्ता ने इस संबंध में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सभी दुकानें अब सामान्य रूप से खुलेंगी। हालांकि मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग सहित कोरोना प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य होगा। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर को खेले जाने वाले क्रिकेट मैच में भी स्टेडियम की कुल क्षमता के 50 फीसदी दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश की इजाजत दी जाएगी।
बैठक में लिए गए अहम निर्णय
- प्रदर्शनी, जुलूस और मेले पर पहले की तरह रोक बरकरार रहेगी।
- कोचिंग क्लासेज में भी 10वीं क्लास से लेकर ऊपर तक के सभी छात्र जा सकेंगे।
- वैवाहिक समारोहों में अब 500 लोग शामिल हो सकेंगे। हालांकि बड़ी क्षमता वाले वाले हॉल में पचास फीसदी तक लोगों के जमा होने की इजाजत होगी।
- आंगनबाड़ी केंद्रों को खोला जा रहा है, लेकिन सिर्फ उन्हीं सेविकाओं को केंद्रों मे जाने की इजाजत होगी, जिन्होंने कोविड टीके के दोनों डोज ले लिया है।
- दुकानों को रात आठ बजे तक खोलने की समय सीमा भी अब खत्म कर दी गई है।
- शराब की दुकानें भी अब 11 बजे तक खोली जा सकेंगी।


