
Deoghar News : सड़क हादसे में पैदल चल रहे एक युवक की मौत हो गयी। मृतक 35 वर्षीय मनोज कुमार मंडल कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा गांव का रहने वाला था। घटना के संबंध में बताया जाता है कि वह कुंडा इलाके में स्थित एक गैरेज में काम करता था।

जब वह काम करने के बाद आधी रात के करीब वापस पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। इस दौरान कुंडा थाना क्षेत्र के भीखना गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे धक्का मार दिया।

हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके पर से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर कुंडा थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। घायल युवक को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया।
जहां डाक्टर ने जांच करने के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले वाहन व चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे पत्नी व बच्चों को छोड़ गया है। उसके परिवार का खर्च उसकी कमाई पर काफी हद तक निर्भर करता था। उसकी मौत से पूरे परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है।


