
Giridih News : झारखंड के गिरिडीह जिला अंतर्गत बगोदर थाना में टीएमटी सरिया से लदे ट्रक की लूट और ड्राइवर की हत्या की वारदात का गिरिडीह पुलिस ने खुलासा कर लिया है।

वारदात को अंजाम देने में शामिल पांच में से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य फरार हैं। यह जानकारी एसडीपीओ धनंजय राम ने सोमवार को दी।

घटना 18 नवंबर की है। संतरूपी जंगल में ट्रक ड्राइवर धीरज यादव की बेरहमी से हत्या के बाद अपराधी सरिया लदा ट्रक लूटकर फरार हो गए थे। धीरज बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला था।
उसके दो परिचित मो. जैनुल और मो. दाउद को यह जानकारी थी कि धीरज नियमित रूप से बंगाल से टीएमटी सरिया लेकर वाराणसी जाता है। दोनों ने ट्रक लूटने और धीरज की हत्या की योजना बनाई। योजना को अंजाम करने के लिए उन्होंने बिहार के समस्तीपुर से अपने दो दोस्तों को भी बुलाया।
आरोपियों ने धीरज को झांसा देकर ट्रक सहित बगोदर बुलाया। इसके बाद वे उसे लेकर संतरूपी जंगल क्षेत्र पहुंचे, जहां एक होटल में सभी ने शराब पी। इसके बाद वे धीरज को गांजा पिलाने के बहाने जंगल में ले गए और वहां रॉड से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी।
वारदात के बाद वे ट्रक लेकर भाग निकले, लेकिन पुलिस की सक्रियता की भनक लगने पर आरोपी दुमका के हंसडीहा क्षेत्र के पास ट्रक छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, संतरूपी के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से इस हत्या और लूटकांड का खुलासा संभव हो पाया।
इसके आधार पर बगोदर के हुसैन नगर निवासी जेनुल खान और मो. दाउद सहित बिहार के समस्तीपुर निवासी द्वारिका सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इनके पास से टीएमटी सरिया से लदा ट्रक, रॉड और मृतक ड्राइवर के कपड़े बरामद किए हैं। दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। (IANS)



