
Deoghar : एसपी सौरभ ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय के सभागार में ई-बीट एप लांच किया । यह सेवा फिलहाल शहर व आसपास के इलाके में चालू किया गया है। पुलिस ने शहर व आसपास के संवेदनशील इलाकों को चिहिन्त किया है।

इन जगहों पर अपराधियों की गतिविधि, नशा करने वालों, बैठकी करने वालों के बारे में मिली सूचना के आधार पर किया गया है। इन जगहों का लोकेशन को ई बीट एप पर डाल दिया गया है। हर चिहिन्त किए गए जगह को किसी न किसी पदाधिकारी से जोड़ दिया गया है।

अब इस एप के माध्यम से ये पता चलेगा कि पुलिस पदाधिकारी सही से डयूटी कर रहे हैं या नहीं। वे गश्ती के दौरान उन जगहों पर जा रहे हैं या नहीं इसका भी पता चल जाएगा। सभी पदाधिकारी को उनकी जिम्मेवारी फिक्स कर दी गयी है। अब वे अपनी जिम्मेवारी को सही से निभा रहे हैं या नहीं ये आसानी से पता चल जाएगा।

वहीं पुलिस पदाधिकारियों की गतिविधि और उनकी डयूटी को आसानी से ट्रैक किया जा सकेगा। एप अपराध व अपराधियों पर लगाम करने के साथ ही डयूटी व गश्ती व्यवस्था को भी दुरुस्त करने में कारगर साबित होगा। वहीं एसपी ने राउडी बाइक दस्ता को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एसपी ने बताया कि पूरे राज्य में एप को लांच करने वाला देवघर पहला जिला बना है।
छह टीओपी का शीघ्र होगा संचालन शुरू चार राउडी व पांच शक्ति टीम की रहेगी अपराधी पर नजर
शहरी क्षेत्र में अपराध और अपराधी की गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में देवघर पुलिस की ओर से व्यापक सुधार लाया जा रहा है। अब शहरी क्षेत्र में छह टीओपी का संचालन किया जाएगा। जिसमें बिलासी मोड़, पुनसिया मोड़, बंधा, सदर अस्पताल, क्लब ग्राउंड व बेलाबगान पुलिस लाइन में टीओपी का संचालन जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।
वहीं चार राउडी बाइक टीम शहर में गश्त कर अपराध नियंत्रण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करेगी। साथ ही महिला की सुरक्षा के लिए पांच शक्ति टीम को विभिन्न इलाके में तैनात किया जाएगा। स्कूटी से महिला टीम शहर में महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में अपने दायित्व का निर्वहन करेंगी।
लांच करने के दौरान यातायात डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद , मुख्यालय डीएसपी वेंकटेश कुमार, सीसीआर प्रभारी तरुण बाखला , सार्जेंट रौशन मरांडी, एसआइ सौरभ राज सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।


